चार घायल, बुधवार सुबह की घटना, ट्रेलर से टकराया आयशर ट्रक चालक-खलासी की मौत
ट्रेलर-कार की टक्कर में चार घायल, तोपचांची के साहोबहियार स्थित राजस्थानी ढाबा के पास की घटना
धनबाद । तोपचांची साहोबहियार में जीटी रोड पर ट्रक – ट्रेलर व कार की टक्कर में दो की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। घटना बुधवार सुबह की है। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। घटना के बाद सड़क पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कार सवार चार घायलों को इलाज के लिए भेजा। काफ़ी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे ड्राइवर और खलासी के शव को निकाला गया।
घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि साहोबहियार स्थित राजस्थानी ढाबा के पास तीन वाहनों की टक्कर में आयशर ट्रक के चालक और खलासी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी और लंबा जाम लगा रहा। लोहे से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर पहले एक अल्टो कार से टकरा गया। कार में चार लोग सवार थे, जिन्हें हल्की चोटें आई l
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहा एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि आयशर ट्रक का अगला हिस्सा ट्रेलर के भीतर तक घुस गया। हादसे में ट्रक चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही तोपचांची थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में चालक को नींद आने की आशंका जताई जा रही है।


