देवघर। स्वच्छ भारत मिशन शहरी के तहत रांची नगर निगम की 12 सदस्यीय टीम का लर्निंग कम एक्सपोजर विजिट 21 और 22 जनवरी 2026 को देवघर में आयोजित होगा। इस भ्रमण का उद्देश्य शहरी स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता से जुड़ी बेहतर कार्यप्रणालियों को समझना तथा प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करना है।
दो दिवसीय भ्रमण के दौरान टीम देवघर में संचालित डोर टू डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, स्रोत पर कचरे के पृथक्करण, अपशिष्ट प्रसंस्करण और निपटान प्रणाली का अवलोकन करेगी। इसके साथ ही जन जागरूकता अभियानों, सामुदायिक सहभागिता मॉडल तथा स्वच्छ सर्वेक्षण और गार्बेज फ्री सिटी मानकों के अनुरूप अपनाई गई पहलों की जानकारी भी ली जाएगी।
नगर निगम के अधिकारियों की ओर से स्वच्छ भारत मिशन शहरी के अंतर्गत योजना निर्माण, क्रियान्वयन और निगरानी व्यवस्था से संबंधित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। फील्ड विजिट और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से शहरी स्वच्छता से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
रांची नगर निगम की टीम देवघर में अपनाई गई स्वच्छता व्यवस्था और प्रबंधन मॉडल का अध्ययन कर इसे अन्य शहरी क्षेत्रों में लागू करने की संभावनाओं पर विचार करेगी। इस तरह के अध्ययन भ्रमण से नगर निकायों के बीच आपसी सीख को बढ़ावा मिलने और स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
बताया गया है कि रांची नगर निगम की ओर से अपनी टीम को गिरिडीह, देवघर, जमशेदपुर, खूंटी सहित अन्य नगर निकायों में भी प्रशिक्षण और अध्ययन भ्रमण के लिए भेजा जा रहा है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


