संताल एक्सप्रेस
पाकुड़। महेशपुर थाना पुलिस ने सोना-चांदी के आभूषण साफ करने के नाम पर महिलाओं को ठगने वाले अंतरजिला गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से ठगी कर ले जाए गए आभूषण, मोबाइल फोन, केमिकल सहित घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार 31 मई को सूचना मिली थी कि महेशपुर थाना क्षेत्र के लखीपुर गांव में दो युवक घर-घर घूमकर सोना-चांदी के गहने साफ करने का दावा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक मदन शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पता चला कि लखीपुर गांव की एक महिला को दोनों युवकों ने अपने झांसे में लेकर उसके आभूषण गायब कर दिए हैं।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी पहले उसके घर पहुंचे और एक स्टील के बर्तन को साफ कर अपनी कथित सफाई तकनीक का प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने सोने की नथ और चांदी की अंगूठी साफ करने के लिए मांगी। गहनों को एक सफेद पाउडर में लपेटकर प्लास्टिक में रखा गया और कुछ देर बाद खोलने की बात कहकर दोनों वहां से निकल गए। बाद में पैकेट खोलने पर उसमें गहने नहीं मिले।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी सुभाष कुमार (25) और खगड़िया निवासी सुमित कुमार गुप्ता (32) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान महिला के चोरी हुए आभूषण भी बरामद कर लिए गए।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी महेशपुर थाना क्षेत्र के डांगापाड़ा गांव में इसी तरह की ठगी की घटना को अंजाम दे चुके हैं। उस मामले में पहले से प्राथमिकी दर्ज है और पुलिस उसकी भी जांच कर रही है।
आरोपियों के कब्जे से विभिन्न प्रकार के केमिकल, सफाई सामग्री, ब्रश, पैकिंग सामग्री, दो मोबाइल फोन, बैग तथा एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में पता चला कि दोनों ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और गहने चमकाने के बहाने ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।


