गोली मारकर हत्या करने की बात कबूली, दो आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी
देवघर। मोहनपुर थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार, चोरी की बाइक और अन्य सामान के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सोमवार को मीडिया के समक्ष किया। पुलिस का दावा है कि दोनों जिले के अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों में चोरी, छिनतई, लूट, डकैती और हत्या जैसी गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई पुराने मामलों में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है। पुलिस अधीक्षक को 5 जुलाई को सूचना मिली थी कि मोहनपुर रेलवे स्टेशन के पास कुछ लोग राहगीरों से छिनतई का प्रयास कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने रेलवे स्टेशन के समीप सड़क से दो संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, 1800 रुपये नकद तथा चोरी की एक ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिखिया थाना क्षेत्र के आमगाछी निवासी 25 वर्षीय राजीव कुमार दास और 20 वर्षीय संजीव कुमार दास के रूप में हुई है। दोनों आपस में भाई बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 18 जून 2026 को देवीपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने के इरादे से एक बाइक चालक को रोकने का प्रयास किया था। चालक के नहीं रुकने पर उसे गोली मार दी गई थी। इस घटना में अमाईयासार निवासी सुभाष मंडल उर्फ टिंकू मंडल की मौत हो गई थी। इस मामले में देवीपुर थाना कांड संख्या 72/2026 दर्ज है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि जसीडीह थाना क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल और मोबाइल लूटने के बाद जमुई जिले में एक सीएसपी केंद्र में लूट की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद देवघर लौटकर पथरड्डा थाना क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी की, जिसका मामला थाना कांड संख्या 83/2026 में दर्ज है। वहीं जसीडीह थाना क्षेत्र से रूपेश दास का अपहरण कर उससे मोबाइल और नकदी लूटने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। इस संबंध में जसीडीह थाना कांड संख्या 211/2026 दर्ज है।
इस कार्रवाई के बाद मोहनपुर थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ कांड संख्या 114/2026 दर्ज किया गया है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ आयुध अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजीव कुमार दास के खिलाफ पहले भी मोहनपुर थाना में डकैती, लूट और आपराधिक साजिश से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। इस छापेमारी अभियान में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार,जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, देवीपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सहित तकनीकी कोषांग और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


