जरमुंडी।गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने संताल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठ, धर्मांतरण और आदिवासी महिलाओं के गैर-आदिवासी पुरुषों से विवाह को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए हेमंत सोरेन की सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। गोड्डा सांसद डॉ दुबे रविवार को जरमुंडी में 1.66 करोड़ की लागत से तीन सड़कों का शिलान्यास करने के क्रम में प्रेस को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने संथाल परगना की जनसंख्या के आंकड़ों का हवाला देते हुए यहां कहा कि 1951 में आदिवासियों की आबादी 45 प्रतिशत थी, जो 2011 की जनगणना में घटकर 26 प्रतिशत रह गयी है। वहीं 1951 में मुस्लिम आबादी करीब 7 प्रतिशत थी, जो 2011 में बढ़कर 27 प्रतिशत हो गयी है।
सांसद डॉ दुबे ने आदिवासी आबादी में कमी और मुस्लिम आबादी में वृद्धि को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए हेमंत सरकार पर तुष्टिकरण के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बरहेट, पाकुड़ और साहिबगंज में डेमोग्राफी की स्थितियां असामान्य हैं। सांसद ने कहा कि यहां की जनता को यह तय करना होगा कि आने वाला चुनाव भारत के मतदाताओं के मुद्दों पर होगा या बांग्लादेशी मुसलमानों के कथित वोट के आधार पर।
परिवारवाद को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
डॉ. दुबे ने विपक्षी दलों पर परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल लोकतंत्र की बात करते हैं, उन्हें पहले अपनी पार्टी के अंदर लोकतांत्रिक व्यवस्था लागू करनी चाहिए।उन्होंने कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस में जवाहरलाल नेहरू के बाद इंदिरा गाँधी, राजीव गाँधी परिवार वाद के उदाहरण हैं। वहीं समाजवादी पार्टी में मुलायम सिंह यादव के बाद अखिलेश यादव, राजद में लालू प्रसाद यादव के बाद तेजस्वी यादव, तृणमूल कांग्रेस में अभिषेक बनर्जी और झामुमो में शिबू सोरेन के बाद हेमंत सोरेन। सांसद ने भाजपा को लोकतांत्रिक पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा में संगठनात्मक चुनाव होते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार वाद से ग्रसित विपक्षी पार्टियां अपने राजनीतिक अस्तित्व को बनाए रखने के लिए कथित बांग्लादेशी वोटरों के समर्थन पर निर्भर रहना चाहती हैं।
सांसद ने सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
सांसद ने कहा कि झारखंड सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के पास न कोई योजना है और न पैसा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक झारखंड की स्थिति बेहतर होने के बजाय निचले स्तर पर जा रही है।
—-
देवघर एम्स के दीक्षांत समारोह में 10 अक्टूबर को शामिल होंगे उपराष्ट्रपति
सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने बताया कि भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आगामी 10 अक्टूबर को देवघर एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री के जन्म दिवस के उपलक्ष्य पर भारतीय सेना की ओर से देवघर में हिंदुजा अस्पताल के कैंपस में कैंप लगाया जाएगा। जिसमें युवाओं को सेना में भर्ती की तैयारी, परीक्षा और करियर से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इस मौके सेना की ओर से टैंक और सैन्य उपकरणों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। सांसद ने बताया कि 09 और 10 अक्टूबर को देवघर में मेला आयोजित होगा, जिसका समापन उपराष्ट्रपति करेंगे।


