संताल एक्सप्रेस
पाकुड़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिलेभर में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वन विभाग की ओर से अनुमंडल कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।वृक्षारोपण कार्यक्रम में डीसी मेघा भारद्वाज, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ कुमार चंद्रा, उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल, अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार, अंचल अधिकारी अरविंद कुमार बेदिया, नगर परिषद के पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके अलावा सिद्धो-कान्हू मुर्मू पार्क परिसर में भी पौधारोपण किया गया।इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर आकर्षक वॉल पेंटिंग बनाकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। वहीं विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मैराथन दौड़ को डीसी मेघा भारद्वाज ने वीआईपी रोड से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ वन प्रमंडल कार्यालय तक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।मौके पर डीसी ने जिलेवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सभी को सजग और जिम्मेदार बनने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा वॉल पेंटिंग और मैराथन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश समाज तक पहुंचाया जा रहा है।वन प्रमंडल पदाधिकारी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, वॉल पेंटिंग एवं मैराथन दौड़ जैसे कार्यक्रमों के जरिए लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को छोटे-छोटे प्रयास करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील और सजग रहने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया गया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया गया।


