संताल एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर । राजकीय श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी रवि कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुगम यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और विधि व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने मेला क्षेत्र और देवघर शहर में यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए वाहनों की निर्धारित रूटलाइन और नो-एंट्री व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि तैयार की गई यातायात योजना का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न वाहनों और सेवा प्रदाताओं के लिए निर्धारित शुल्क का पालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। कहा गया कि किसी भी श्रद्धालु से तय दर से अधिक किराया नहीं लिया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों और परिवहन संगठनों को निगरानी रखने को कहा गया। बैठक में बस, टेंपो और टोटो संचालक संघों के प्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन और परिवहन संगठनों के आपसी सहयोग से ही राजकीय श्रावणी मेला का सफल और सुरक्षित संचालन संभव होगा। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात उपाधीक्षक, यातायात प्रभारी, बस, टेंपो और टोटो ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


