पूर्वी सिंहभूम । आद्रा मंडल के अंतर्गत रेलवे की ओर से महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग कार्य के लिए जून माह में तीन चरणों में ट्रैफिक-कम-पावर ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने ब्रिज संख्या-1 (बीआर-1) पर लगाए गए रिलीविंग गर्डर को हटाने (डी-लॉन्चिंग) के कार्य के लिए 4 जून, 8 जून और 11 जून 2026 को विशेष ब्लॉक की स्वीकृति दी है। इस दौरान कई यात्री ट्रेनों को रद्द किया जाएगा, कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाया जाएगा तथा कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा।
बुधवार को रेलवे अधिकारियों के दी गई जानकारी के अनुसार प्रत्येक दिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक कुल 3 घंटे 55 मिनट का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक रहेगा। यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा ताकि रेल पुल पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य पूरा किया जा सके।
पहले चरण में 4 जून को पुरुलिया रोड (पीआरआर) और गढ़डीह (जीटीडी) खंड के जेटीएल-1 एवं जेटीएल-2 लाइनें प्रभावित रहेंगी। वहीं दूसरे और तीसरे चरण में 8 जून और 11 जून को चंद्रा (सीएचआरए)-पुरुलिया रोड-ताओ तथा पुरुलिया रोड-गढ़डीह खंड की अप एवं डाउन दोनों लाइनें प्रभावित होंगी। इसके अलावा पुरुलिया यार्ड की लाइन संख्या 1, 2 और 3 पर भी परिचालन प्रभावित रहेगा।
ब्लॉक के कारण आसनसोल-बोकारो स्टील सिटी-आसनसोल मेमू ट्रेन संख्या 63592/63591 को 4, 8 और 11 जून को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा झाड़ग्राम-पुरुलिया-झाड़ग्राम मेमू (68023/68024) तथा आद्रा-बराभूम-आद्रा मेमू (68053/68054) को 8 और 11 जून को रद्द रखा जाएगा।
लंबी दूरी की कई ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित होगा। खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस (18035/18036) 4, 8 और 11 जून को केवल आद्रा तक ही चलेगी। आद्रा और हटिया के बीच का हिस्सा रद्द रहेगा। इसी तरह आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल मेमू (68055/68056) 8 और 11 जून को आद्रा तक ही संचालित होगी तथा आद्रा-टाटानगर खंड में इसका परिचालन नहीं होगा।
दक्षिण पूर्व रेलवे की महत्वपूर्ण ट्रेन शालीमार-पुरुलिया-हावड़ा एक्सप्रेस (12883/12884) तथा हावड़ा-पुरुलिया-हावड़ा सेवा से जुड़ी ट्रेन संख्या 63594/63593 को भी 8 और 11 जून को आद्रा तक सीमित कर दिया गया है। इन ट्रेनों का आद्रा और पुरुलिया के बीच परिचालन रद्द रहेगा।
टाटानगर से हटिया जाने वाली ट्रेन संख्या 18601 टाटा-हटिया एक्सप्रेस का मार्ग भी तीनों दिन बदला जाएगा। यह ट्रेन चांडिल-पुरुलिया-कोटशिला-मुरी मार्ग के बजाय चांडिल-गुंडा बिहार-मुरी मार्ग से चलाई जाएगी। इससे यात्रियों को यात्रा समय में कुछ बदलाव का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने यह भी बताया है कि आवश्यकता पड़ने पर कुछ महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को रास्ते में 30 से 45 मिनट तक नियंत्रित किया जा सकता है। इनमें 8 जून को शालीमार-आनंद विहार एक्सप्रेस (22857), 11 जून को हल्दिया-आनंद विहार एक्सप्रेस (12443) तथा 8 एवं 11 जून को बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस (18184) शामिल हैं।


