कोडरमा । जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के रांची–पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी के मेघातरी में हुई, जहां सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में गिट्टी लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक और उपचालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना झुमरी तालाब के समीप हुई, जहां बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मेघातरी में हुए हादसे में मृतक चालक की पहचान नवादा (बिहार) निवासी 43 वर्षीय साधु यादव (पिता स्व. लखन यादव) तथा उपचालक की पहचान 24 वर्षीय छोटू कुमार (पिता कारु यादव) के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे।
घटनास्थल के समीप होटल संचालक अमरदीप गिरी ने बताया कि रविवार रात वे होटल में ग्राहकों को खाना परोस रहे थे। इसी दौरान एक गिट्टी लदा ट्रक तेज रफ्तार में आया और सड़क के दूसरी ओर खड़ी ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व उपचालक केबिन में ही फंस गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण यह दुर्घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को केबिन से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए। इधर, कोडरमा थाना क्षेत्र के झुमरी तालाब के समीप बाइक की टक्कर से झुमरी निवासी रंजीत कुमार यादव (36 वर्ष, पिता स्व. चिंतामन यादव) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। इसी दौरान अस्पताल में ही उनकी मौत हो गई।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


