रांची । राज्य में वज्रपात का कहर जारी है।मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।रविवार को रामगढ़ जिले के पतरातू अलग-अलग गांवों में खेत में काम कर रही तीन महिलाओं की मौत आकाशीय बिजली से हो गयी है।इसमें दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयीं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया।पतरातू प्रखंड के सांकुल गांव में खेत में काम करने के दौरान वज्रपात होने से रेखा देवी (48, पति भिखू राम) और उनकी पुत्री रोशनी कुमारी (22, पिता भिखू राम) इसकी चपेट में आ गयीं।ग्रामीणों ने दोनों को पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के रांची मौसम केंद्र ने रविवार को जारी पूर्वानुमान में राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए अलग-अलग दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार चार से छह अगस्त के बीच राज्य के अलग-अलग जिलों में 65 से 115 मिमी तक वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही कई स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार तीन अगस्त को राज्य में कहीं-कहीं गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना है।


