पुलिस का दावा, मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री के लिए जुटे थे आरोपी
देवघर। पुलिस ने दावा किया है कि कुण्डा थाना क्षेत्र के चरकी पहाड़ी में अर्धनिर्मित मकान और खंडहर में कुछ लोग मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री के लिए जुटे थे। सूचना के आधार पर बुधवार शाम की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उनके पास से 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन एंड्रायड मोबाइल फोन और 9,270 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए देवघर के अंचलाधिकारी अनिल कुमार और कुण्डा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने चरकी पहाड़ी स्थित अर्धनिर्मित मकान और खंडहर में छापेमारी की और तीन लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान ब्राउन शुगर, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद हुई।
छापामारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक सामु बाण्डो, रेन्सन बखला, सहायक अवर निरीक्षक शिवयतन मुर्मु, आरक्षी चंदन कुमार साहा, प्रवीण कुमार और चौकीदार अनिल मंडल शामिल थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुण्डा थाना क्षेत्र के भोड़ाजमुआ निवासी अविनाश कुमार यादव उर्फ मधु, करनीबाग के शहीद आश्रम रोड निवासी कन्हैया सिंह और मोहनपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह बैजनाथपुर कुरैवा निवासी महानंद यादव के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, मामले में कुण्डा थाना कांड संख्या 124/26, दिनांक 30 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।


