देवघर । साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई में सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, तीनों पर फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक और फोनपे के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के असुरबंधा गांव में ब्लॉक के पीछे स्थित मैदान में कुछ संदिग्ध लोग साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में सहादत अंसारी, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता सहजाद अंसारी, गुलफराज अंसारी, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता अब्बास मियां और सरफराज अंसारी, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता जमशेद अंसारी शामिल हैं। तीनों सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के बिंझा-पिपरा गांव के रहने वाले हैं।
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो ने बताया कि आरोपी पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजते थे। फाइल के माध्यम से मोबाइल का एक्सेस लेकर ठगी करने का आरोप है। इसके अलावा आरोपी खुद को एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बताकर उपभोक्ताओं को झांसे में लेते थे। पुलिस के अनुसार, एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से पेमेंट बैंक कार्ड बंद करने और बाद में सहायता के नाम पर उसे दोबारा चालू कराने का झांसा देकर भी ठगी की जाती थी।
तीन मोबाइल और चार सिम बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद उपकरणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छापेमारी दल में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार रवि और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। सोनारायठाढ़ी थाना के सहायक अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी रोहित दांगी और सशस्त्र बल के जवानों ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया।


