नई दिल्ली । कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने कहा कि इस साल जनवरी में 17.89 लाख सदस्य इस संगठन से जुड़े हैं। यह आंकड़ा दिसंबर 2024 के मुकाबले मासिक आधार पर 11.48 फीसदी ज्यादा है। ईपीएफओ के आधिकारिक बयान के मुताबिक पेरोल में जनवरी 2024 के मुकाबले 11.67 फीसदी का इजाफा हुआ। जनवरी 2025 में ईपीएफओ से करीब 8.23 लाख नए सब्सक्राइबर्स जुड़े हैं, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 1.87 फीसदी ज्यादा है।
आंकड़ों के मुताबिक 18-25 आयु वर्ग का प्रभुत्व लगातार बना है। जनवरी 2025 में इस आयु वर्ग के 4.70 लाख नए सदस्य जुड़े, जो समीक्षा अवधि में जोड़े गए कुल नए सदस्यों का 57.07 फीसदी है। इस महीने में जोड़े गए 18-25 आयु वर्ग के नए सदस्यों की संख्या पिछले साल इसी महीने की तुलना में 3.07 फीसदी ज्यादा है। इसके अलावा, जनवरी 2025 के लिए 18-25 आयु वर्ग के लिए शुद्ध पेरोल वृद्धि करीब 7.27 लाख है, जो दिसंबर 2024 के पिछले महीने की तुलना में 6.19 फीसदी ज्यादा और जनवरी 2024 की तुलना में 8.15 फीसदी ज्यादा है।
एक विश्लेषण के मुताबिक कुल नए सदस्यों में से करीब 2.17 लाख महिलाएं हैं। यह आंकड़ा जनवरी 2024 की तुलना में 6.01 फीसदी की सालाना वृद्धि दर्शाता है। महीने के दौरान शुद्ध महिला पेरोल वृद्धि करीब 3.44 लाख रही, जो दिसंबर 2024 की तुलना में 13.48 फीसदी और जनवरी 2024 की तुलना में 13.58 फीसदी ज्यादा है। इसके अतिरिक्त, सरकार ईपीएफओ में क्लेम को सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। ईपीएफओ ने चालू वित्त वर्ष में रिकॉर्ड 2.16 करोड़ ऑटो क्लेम का सेटलमेंट किया है। पूरे वित्त वर्ष 2023-24 में यह आंकड़ा 89.52 लाख था।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


