हैदराबाद । कहते हैं कि अकेलापन इंसान को ही नहीं, जानवरों को भी बीमार बना देता है। इसी कारण इंसान की तरह अब कुत्तों के लिए भी डेटिंग और दोस्ती का एक खास एप भारत में लांच हुआ है। इस एप का नाम है डोफेयर है। जो पालतू कुत्तों को उनके लिए सही साथी और दोस्त ढूंढने में मदद करता है।
दरअसल डोफेयर के फाउंडर मौर्य कंपेली बताते हैं, मैंने खुद कभी कुत्ता नहीं पाला, लेकिन दोस्तों के घर जाता था, तब देखता कि उनके पालतू जानवर कितने अकेले हैं। शहरी भागदौड़ की जीवनशैली में जैसे इंसानों के पास वक्त नहीं होता, वैसे ही कुत्तों के पास भी मिलजुल कर खेलने का मौका कम होता है। जब टीम ने डॉक्टरों, पेट पैरेंट्स और ग्रूमर्स से बात की तब सामने आया कि कई कुत्ते अकेलेपन की वजह से मानसिक तनाव, बोरियत और गलत व्यवहार जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। मौर्य के मुताबिक, “ये सिर्फ खेलने या मेटिंग की बात नहीं है, बल्कि इमोशनल वेल-बीइंग की जरूरत है।”
हमारे डोफेयर की सोच यही है कि कुत्तों को भी दोस्ती, खेल और मेलजोल चाहिए। एप सिर्फ “डेटिंग” के लिए नहीं है, बल्कि यह पेट पैरेंट्स, स्थानीय पेट सर्विस प्रोवाइडर्स और वेटनरी डॉक्टर्स को भी जोड़ता है। मार्च में लांच होने के बाद शुरू में 100 यूज़र्स के साथ इसका ट्रायल चला। लेकिन सोशल मीडिया पर पेट इवेंट्स के वीडियो वायरल होते ही दो महीनों में 10,000 से ज्यादा डाउनलोड हो गए।
एप पर पेट पैरेंट्स अपने कुत्ते की प्रोफाइल बनाते हैं जिसमें नस्ल, एनर्जी लेवल, स्वभाव और पसंद जैसी जानकारियां होती हैं। फिर इन्हीं डिटेल्स के आधार पर दूसरे कुत्तों से मैचिंग होती है। लोकेशन, व्यवहार और इंटरेस्ट के हिसाब से फिल्टर लगाए जा सकते हैं और प्लेडेट प्लान किए जा सकते हैं। यानी यह सिर्फ रोमांस नहीं, बल्कि दोस्ती और कंपनी के लिए है।
एक महिला यूज़र ने बताया कि वह पहले वेट्स और व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए अपने कुत्ते के लिए दोस्त ढूंढने की कोशिश करती थी, लेकिन नाकाम रही। फिर डोफेयर एप मिला। महिला ने कहा, आप लोग बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।” मौर्य के मुताबिक, “यह सुनकर टीम को सबसे ज्यादा संतोष मिला।”
डोफेयर पर मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन जरूरी है। यूज़र्स को अपने पेट का वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट और फोटो भी अपलोड करनी होती है मौर्य बताते हैं कि वे डॉक्टर्स और पेट प्रोफेशनल्स के साथ मिलकर इथिकल ब्रीडिंग के लिए भी जागरूकता फैला रहे हैं, ताकि यह प्लेटफॉर्म गलत हाथों में न जाए।
हैदराबाद, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से एप को बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है। टीम लगातार सोशल मीडिया और यूज़र फीडबैक के जरिए ऐप को बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है। डोफेयर एक अनोखी पहल है जो बताती है कि जैसे इंसान को रिश्तों और दोस्ती की जरूरत है, वैसे ही हमारे पालतू साथी भी अकेलेपन से राहत और अपने जैसे दोस्तों की तलाश चाहते हैं।






