दीपक प्रकाश और शिबू सोरेन की खाली सीटों पर 18 जून को राज्यसभा चुनाव
देश की 26 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव
रांची । देश की 26 राज्यसभा सीटों के लिए आगामी 18 जून को चुनाव होंगे, जिसकी आधिकारिक घोषणा चुनाव आयोग ने कर दी है। इसके तहत 10 राज्यों की 24 सीटों पर मतदान कराया जाएगा, जिसमें झारखंड की भी दो राज्यसभा सीटें शामिल हैं। चुनाव आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह चुनाव जून-जुलाई 2026 में कार्यकाल पूरा कर रहे राज्यसभा सांसदों की खाली हो रही सीटों को भरने के लिए कराया जा रहा है। झारखंड से राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है। इसके अलावा, राज्य की दूसरी सीट पिछले साल सितंबर से खाली चल रही है, जो पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई थी। इस घोषणा के बाद से ही राज्य में उम्मीदवारों के नामों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां और गुणा-भाग तेज हो गया है। चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत 1 जून 2026 को अधिसूचना जारी होने के साथ होगी। इच्छुक उम्मीदवार 8 जून तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जिसके बाद 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। मतदान 18 जून 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा और इसी दिन शाम 5 बजे से मतों की गिनती भी शुरू कर दी जाएगी। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी चुनावी प्रक्रिया को 20 जून तक संपन्न कर लिया जाएगा।


