देश में गैस-पेट्रोल की कोई कमी नहीं, पैनिक की वजह से बढ़ी सिलेंडर बुकिंग
रांची। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने एलपीजी गैस की कथित किल्लत को लेकर कांग्रेस और झारखंड सरकार के मंत्रियों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। शनिवार को अपने केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि पूरे देश में घरेलू एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन राजनीतिक कारणों से अफवाहें फैलाकर कृत्रिम संकट का माहौल बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले प्रतिदिन करीब 55 लाख गैस सिलेंडरों की बुकिंग होती थी, जो अफवाहों के कारण बढ़कर 75 लाख से अधिक हो गई है। उनके मुताबिक देश के लगभग 1 लाख पेट्रोल पंप और 25 हजार गैस एजेंसियों में आपूर्ति नियमित रूप से जारी है।
सेठ ने बताया कि पाइपलाइन से मिलने वाली घरेलू गैस की आपूर्ति भी सामान्य है। रांची में 25 हजार से अधिक परिवार पीएनजी कनेक्शन ले चुके हैं और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। जिन लोगों को पीएनजी कनेक्शन चाहिए, वे 1800-123-1211 पर कॉल कर सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कालाबाजारी से जुड़े कुछ लोग और राजनीतिक दल मिलकर जनता में पैनिक की स्थिति पैदा कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि गैस और पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और आवश्यकता होने पर जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान सेठ ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में कई जगह गर्भवती महिलाओं को एंबुलेंस में स्ट्रेचर तक नहीं मिल रहा है और उन्हें खड़े-खड़े अस्पताल जाना पड़ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने एयर एंबुलेंस दुर्घटना का जिक्र करते हुए कहा कि हादसे में कई परिवारों ने अपने परिजनों को खो दिया, लेकिन अब तक प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला है। इसके बावजूद राज्य सरकार ने रेडबर्ड एयरवे प्राइवेट लिमिटेड को “उड़ते ताबूत” बताते हुए छह महीने का विस्तार दे दिया, जो गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन विभागों से ये मामले जुड़े हैं, उनके मंत्री जनसमस्याओं को हल करने के बजाय केवल फोटो खिंचवाने और राजनीतिक स्टंट में व्यस्त हैं।


