2023 के बाद से राधानगर थाना में महिला पुलिस अधिकारी की नहीं हुई पदस्थापना
संताल एक्सप्रेस
जयराम मंडल
उधवा- राधानगर थाना में महिला पुलिस अधिकारी की प्रतिनियुक्ति नहीं होने के कारण पीड़ित महिला को न्याय पाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. यह स्थिति न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से भी सीधे तौर पर जुड़ी हुई है. राधानगर थाना में वर्ष 2023 में एसआई वीणा कुमारी को प्रतिनियुक्त किया गया था. उनके तबादले के बाद से अब तक किसी भी महिला पुलिस अधिकारी की पदस्थापना नहीं की गई है. ऐसे में महिलाओं से जुड़े संवेदनशील मामलों जैसे मारपीट, छेड़छाड़, दुष्कर्म, दहेज उत्पीड़न की जांच और सुनवाई में गंभीर बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं. पीड़िता मजबूर होकर पुरुष पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी आपबीती सुनाने को विवश हैं. जो कई बार उनके लिए असहज और शर्मनाक स्थिति पैदा करता है. सामाजिक संकोच और लज्जा के कारण कई महिलाएं अपनी शिकायत खुलकर दर्ज भी नहीं करा पाती हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार महिलाएं अपनी समस्या लेकर थाने तक तो पहुंचती हैं. लेकिन पुरुष अधिकारियों के सामने अपनी बात रखने में झिझक के कारण बिना शिकायत दर्ज कराए ही लौट जाती हैं. इससे कई गंभीर मामले थाने की दहलीज पर ही दब जाते हैं. जो कानून व्यवस्था के लिए चिंताजनक संकेत है.राधानगर थाना क्षेत्र में 24 पंचायत शामिल हैं और यह क्षेत्र घनी आबादी के साथ-साथ सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों में गिना जाता है. पीड़िता न्याय और सुरक्षा की उम्मीद लेकर थाने पहुंचती हैं. लेकिन महिला अधिकारी की अनुपस्थिति उनकी राह को और कठिन बना देती है.
राधानगर थाना में दो एवं प्रखंड कार्यालय में चार महिला चौकीदार नियुक्त
जानकारी के अनुसार राधानगर थाना में फिलहाल केवल दो महिला चौकीदार की प्रतिनियुक्ति है. जबकि प्रखंड कार्यालय में चार महिला चौकीदार कार्यरत हैं. थाना में तैनात महिला चौकीदारों को मेडिकल जांच, बयान दर्ज कराने जैसी प्रक्रियाओं में दिनभर व्यस्त रहना पड़ता है. जिससे वे अन्य मामलों में पर्याप्त सहयोग नहीं कर पातीं. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मांग है कि राधानगर थाना में कम से कम एक महिला पुलिस अधिकारी की तत्काल पदस्थापना की जाए. साथ ही अतिरिक्त महिला चौकीदारों की नियुक्ति भी सुनिश्चित की जाए. ताकि महिला संबंधित मामलों का संवेदनशील और प्रभावी तरीके से निपटारा हो सके.
क्या कहते हैं अंचल अधिकारी जयंत कुमार तिवारी
इस संबंध में अंचल अधिकारी जयंत कुमार तिवारी ने बताया कि महिला चौकीदारों का नियुक्ति जिला से हुआ है. हम जिला से मांग करते हैं. बहुत जल्द थाना में अतिरिक्त महिला चौकीदारों की नियुक्ति किया जाएगा.


