पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित बोड़ाम बाजार की एक ज्वेलरी दुकान और बारियादा गांव की एक मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। दोनों स्थानों पर चोर टीन व एस्बेस्टस की छत काटकर अंदर घुसे और लाखों रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, बोड़ाम निवासी ज्वेलरी व्यवसायी दीपक स्वर्णकार उर्फ डब्लू मंगलवार सुबह जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि लॉकर और दराज से करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण, लगभग 15 ग्राम सोने के जेवर तथा 25 हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस सुबह करीब नौ बजे मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर दुकान की टीन और एस्बेस्टस की छत काटकर अंदर दाखिल हुए थे। वारदात के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। इसी रात बोड़ाम थाना क्षेत्र के बारियादा गांव स्थित एक मोबाइल दुकान में भी चोरों ने इसी तरह छत तोड़कर प्रवेश किया। वहां से 31 हजार रुपये नकद और कई मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए। दोनों दुकानदारों ने बोड़ाम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बोड़ाम थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि दोनों घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गश्ती दल सोमवार रात करीब 11:30 बजे तक इलाके में गश्त कर लौट गया था, जबकि आसपास की चाय दुकानें रात करीब 2:30 बजे खुल गई थीं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि दोनों वारदातें रात 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच हुईं।


