पूर्वी सिंहभूम । जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित मलिक प्लाईवुड एंड डेवलोपर्स प्राइवेट लिमिटेड में रविवार की देर रात चोरों ने करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार सुबह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे संचालक को कार्यालय का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। प्रतिष्ठान के संचालक सुमित मलिक के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि रात करीब 1.20 बजे एक युवक ऊपरी हिस्से की ओर से प्रतिष्ठान में दाखिल हुआ। उसने पहले ग्रिल का तार काटा और फिर शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
हेलमेट पहने युवक ने कार्यालय में पहुंचकर फाइल रखने वाले अपार्टमेंट के साथ छेड़छाड़ की और कुछ दस्तावेजों को भी खंगाला। इसके बाद उसने सीसीटीवी कैमरे को बंद अथवा दूसरी दिशा में करने का प्रयास किया। इस दौरान उसका चेहरा कैमरे में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुआ है। सुमित मलिक ने बताया कि चोर कार्यालय से एक लाख रुपये से अधिक नकद, एक लैपटॉप, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति तथा दीपावली के अवसर पर हर वर्ष जमा किए जाने वाले चांदी और एक ग्राम सोने के सिक्के ले गए हैं। इसके अलावा कुछ जरूरी फाइलें और कागजात भी गायब मिले हैं। चोरी गए दस्तावेजों की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
कर्मचारी ललित जुनेजा ने बताया कि सोमवार सुबह प्रतिष्ठान खोलने पर कार्यालय का सामान अस्त-व्यस्त मिला। सीसीटीवी फुटेज देखने पर चोरी की पूरी घटना सामने आई। फुटेज में एक युवक शीशा तोड़कर अंदर आता और सीढ़ियों से नीचे कार्यालय की ओर जाता दिखाई दे रहा है। उसने कैमरे की दिशा बदलने का प्रयास किया और इसके बाद नकदी, लैपटॉप सहित अन्य सामान लेकर बाहर निकल गया। पुलिस जांच में अब तक सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्धों के शामिल होने की बात सामने आई है।
एक युवक हेलमेट पहनकर प्रतिष्ठान के अंदर गया, जबकि उसका साथी बाहर स्कूटी लेकर इंतजार करता रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों स्कूटी से फरार हो गए। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही चोरी किए गए दस्तावेजों और फाइलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


