पटना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दावा किया कि एनडीए जितना मजबूत होगा, बिहार उतना ही समृद्ध होगा। लालू परिवार पर जुबानी हमला करते हुए उन्होंने कहा कि लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव बिहार का विकास नहीं कर सकते हैं।
रोहतास जिले के डेहरी में 10 जिलों के चयनित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अन्य दलों में नेता चुनाव जीतते हैं, लेकिन भाजपा ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ता ही चुनाव जीतते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने राजद और उनके सहयोगियों को सरकार चलाने का मौका दिया, लेकिन वहां फिरौती और हत्या जैसी घटनाएं होने लगीं। इससे राज्य की समृद्धि नहीं हो सकती। अगर युवाओं को आगे बढ़ना है और बिहार को विकास की राह पर ले जाना है तो आने वाले चुनाव में एनडीए की सरकार को वोट देकर मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस क्षेत्र की 80 प्रतिशत सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों को जीत दिलाएं।
अमित शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा को ‘घुसपैठिये बचाओ यात्रा’ बताया। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार होना चाहिए, क्या उन्हें राशन या आयुष्मान कार्ड मिलना चाहिए? उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार के लिए जो काम किए हैं, उनकी जानकारी हर घर तक पहुंचाएं।
सुबोध/१८-०९-२०२५
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


