पेड़ से बांधकर युवक की जमकर पिटाई, तीन अन्य साथी फरार; घायल का चल रहा इलाज
सरैयाहाट। दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव में खस्सी चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक को पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई किए जाने की बात सामने आई है। घायल युवक का इलाज चल रहा है, जबकि उसके तीन अन्य कथित साथी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, माथाकेशो पंचायत के तेतरिया गांव निवासी शंकर सिंह की खस्सी को चार लोग कथित तौर पर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान खस्सी की आवाज सुनकर शंकर सिंह की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे।
ग्रामीणों को आते देख तीन लोग भाग निकले, जबकि ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान दिग्घी पंचायत के बढ़ेत गांव निवासी पंकज पासवान के रूप में बताई गई है। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने के बाद पेड़ से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई की। घटना में युवक घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद गांव में खस्सी चोरी को लेकर चर्चा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार तीन लोगों की पहचान और घटना में उनकी कथित संलिप्तता का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


