संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा- बरहरवा प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत् सेवा सेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष राजकुमार भगत ने किया. कार्यक्रम में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबूलाल मरांडी को बुके भेंट कर एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर उनका स्वागत किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. केंद्र सरकार की ओर से आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं.उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत् सेवा सेतु अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है.
मरांडी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को समझें तथा उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करें. पात्र लोगों के फॉर्म भरवाकर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं. ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी लाभ से वंचित न रहे.
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ लोगों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए कार्य करना ही इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही. मौके पर जिला अध्यक्ष गौतम यादव, कमल कृष्ण भगत, मंडल मुर्मू, कुशमाकर तिवारी, श्यामल दास, अर्पिता दास, प्रेमलाल मंडल,उत्तम भगत, तारक घोष, प्रदीप भगत, संजीव गुप्ता,ललित पासवान, मंजू देवी, प्रमिला देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं लाभार्थी उपस्थित थे.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


