पूर्वी सिंहभूम । साकची टिन शेड स्थित फल मंडी में फल की कीमत को लेकर हुए विवाद के बाद गिरफ्तार किए गए मो. फहीम को पुलिस ने हाथों में हथकड़ी और कमर में रस्सी बांधकर पूरे मंडी क्षेत्र में घुमाया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वहीं, इस कार्रवाई के बाद मो. फहीम की पत्नी फरजाना ने शनिवार को
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पूर्वी सिंहभूम को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा उसके पति के साथ मारपीट और 60 हजार रुपये छीनने के आरोप में संबंधित लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
पत्नी की ओर से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि शुक्रवार सुबह मो. फहीम फल खरीदने के लिए साकची फल मंडी गया था। वहां फल की कीमत को लेकर दुकानदारों से कहासुनी हो गई। इसके बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान उसकी जेब से 60 हजार रुपये भी निकाल लिए गए। शिकायत में दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। दूसरी ओर, फल व्यवसायी राकेश केशरी ने साकची थाना में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि मो. फहीम ने पहले फल का भाव पूछा और कुछ देर बाद वापस आकर कीमत को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए दुकान में रखे फल सड़क पर फेंक दिए। विरोध करने पर दुकान के कर्मचारी असद हुसैन के साथ मारपीट की और उसका गला दबाने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी माधव चातर के साथ भी मारपीट की गई।
घटना में घायल असद हुसैन को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसे अंदरूनी चोटें आई हैं। फल व्यवसायी की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर साकची पुलिस ने मो. फहीम को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को हथकड़ी पहनाकर तथा कमर में रस्सी बांधकर टिन शेड फल मंडी में घुमाया गया। इस दौरान वह हाथ जोड़कर फल व्यवसायियों से माफी मांगता भी दिखाई दिया। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


