बालासोर । ओडिशा के बालासोर जिले में शनिवार तड़के एटीएम लूट की वारदात ने पुलिस अधिकारियों के साथ लोगों को भी हैरान कर दिया। यहां चोरों ने एटीएम से पैसे निकालने की कोशिश नहीं की, बल्कि पूरा एटीएम ही उखाड़कर ले गए। सुनसान जगह पर जाकर मशीन को तोड़कर रुपए निकालकर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार रात करीब 2 बजे खैरा थाना क्षेत्र के तुदीगड़िया बाजार की है। जानकारी के मुताबिक पांच से ज्यादा बदमाश काले रंग की महिंद्रा थार में पहुंचे। पहले उन्होंने एटीएम कियोस्क का दरवाजा तोड़ा और फिर रस्सी की मदद से पूरी एटीएम मशीन को थार से बांध दिया। इसके बाद ऐसा नजारा देखने को मिला, जो आमतौर पर फिल्मों में दिखाई देता है। बदमाशों ने थार आगे बढ़ाई और एटीएम मशीन अपनी उखड़ गई।
फिर उसे सड़क पर घसीटते हुए काफी दूर एक सुनसान जगह तक ले जाया गए। वहां मशीन को तोड़ा, उसके अंदर रखा कैश निकाला और फरार हो गए। बाद में टूटी हुई एटीएम मशीन सड़क किनारे छोड़ दी। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में एटीएम मशीन थार के पीछे बंधी हुई सड़क पर घिसटती नजर आ रही है। अब यही वीडियो पुलिस की जांच का सबसे बड़ा सुराग बन गया है। अभी यह साफ नहीं है कि एटीएम में कितनी नकदी थी और बदमाश कितनी रकम लेकर भागे हैं। पुलिस बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर मशीन में मौजूद कैश का हिसाब जुटा रही है। घटना के बाद लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में इलाके में चोरी और लूट की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन रात के समय पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थार और उसमें सवार आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।


