नई दिल्ली । कच्चा प्याज हमेशा हेल्दी नहीं होता। गलत तरीके से या अधिक मात्रा में खाने पर यह सेहत के लिए कई समस्याएं पैदा कर सकता है। सबसे पहले बात रक्त पतला होने की। डॉक्टरों की माने तो प्याज में मौजूद तत्व खून को पतला कर देते हैं, जिससे चोट या सर्जरी के दौरान खून बहने का खतरा बढ़ जाता है। यदि कोई व्यक्ति पहले से ही ब्लड थिनर दवाएं ले रहा है, तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है। क्योंकि प्याज का असर दवाओं की ताकत को और बढ़ा देता है। नतीजा यह हो सकता है कि शरीर में खतरनाक स्तर तक खून बहने का खतरा पैदा हो जाए। पाचन तंत्र पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव देखने को मिलता है। बहुत से लोग प्याज खाने के बाद पेट फूलना, गैस, एसिडिटी और अपच की शिकायत करते हैं। खासकर जिन लोगों को गैस्ट्रिक, अल्सर या एसिड रिफ्लक्स की समस्या रहती है, उनके लिए कच्चा प्याज परेशानी दोगुनी कर सकता है। एलर्जी भी एक बड़ी समस्या है। कई लोगों को प्याज से त्वचा पर दाने, खुजली, आंखों से पानी या छींक की समस्या हो सकती है।
ऐसे में इसे हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है। इसके साथ ही प्याज खाने के बाद आने वाली सांस की बदबू तो आम परेशानी है, जो कई बार सामाजिक रूप से शर्मिंदगी का कारण बन जाती है। डायबिटीज के मरीजों को भी कच्चा प्याज सावधानी से खाना चाहिए। रिसर्च बताती है कि इसका असर ब्लड शुगर पर सीधा पड़ सकता है। शुगर का स्तर अचानक ऊपर-नीचे हो सकता है, जो दवा लेने वाले मरीजों के लिए और भी जोखिम भरा हो जाता है। दिल और ब्लड प्रेशर पर भी असर देखा गया है। प्याज भले ही एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर हो, लेकिन अधिक मात्रा में कच्चा प्याज खाने से हृदय गति और ब्लड प्रेशर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। तो क्या प्याज बिल्कुल छोड़ देना चाहिए? ऐसा नहीं है। लेकिन इसे खाने का तरीका और मात्रा सही होना चाहिए।
कच्चे की बजाय हल्का भुना या पकाकर खाएं, ताकि इसका तीखापन और एसिडिटी कम हो जाए। सलाद में प्याज खाने के बाद पुदीना, सौंफ या नींबू पानी का इस्तेमाल करें, जिससे बदबू कम हो। कच्चा प्याज स्वाद बढ़ाता जरूर है, लेकिन इसे अंधाधुंध खाना शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। सही मात्रा और सावधानी के साथ इसका सेवन ही इसे सुरक्षित बनाता है। मालूम हो कि प्याज हमारे खाने का अभिन्न हिस्सा है। चाहे दाल हो, सब्जी हो या सलाद, हर जगह इसका इस्तेमाल होता है। खासकर सलाद में कच्चा प्याज बेहद लोकप्रिय है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


