संताल एक्सप्रेस संवाददाता
असम/रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आगामी असम विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है। शनिवार को उन्होंने कोकराझार जिले के गोसाई गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए शोषित, पीडि़त और वंचित वर्गों के हक की लड़ाई को प्रमुख मुद्दा बनाया। अपने संबोधन में सोरेन ने कहा कि असम का वंचित समाज सदियों से संघर्ष करता आया है, लेकिन अब समय आ गया है कि वे अपने अधिकार के लिए खड़े हों।
उन्होंने कहा कि अब शोषण और वंचना के खिलाफ समाज खुद खड़ा होगा। तीर-धनुष आपके मान-सम्मान का प्रतीक है और मैं आपके साथ हूं। उन्होंने आगे कहा कि इस बार चुनाव में वंचित समाज अपने अधिकारों के लिए वोट करेगा और “तीर-धनुष” को आशीर्वाद देगा। बारिश के बावजूद जनसभा में उमड़ी भीड़ को उन्होंने बदलाव का संकेत बताया। सोरेन ने आदिवासी समुदाय पर हुए ऐतिहासिक अत्याचारों का जिक्र करते हुए कहा कि अब उनमें जागरूकता और इच्छाशक्ति पैदा हो चुकी है।
अब डट कर मुकाबला करेंगे मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें पहले कभी उम्मीद नहीं थी कि असम में नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा, लेकिन अब वे यहां के संघर्ष का हिस्सा बनने को तैयार हैं। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि।आप एक कदम चलिए, मैं दस कदम चलने को तैयार हूं। मैं घबराने वाला नहीं हूं। अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा हर संघर्ष में जनता के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।


