एस.के. झा. ‘सुमन’
दुमका। दुमका नगर परिषद (वर्ग-ख) के अध्यक्ष पद के चुनाव परिणामों ने इस बार शहर की सियासत में बड़ा उलटफेर कर दिया है। राजनीति के पुराने और मंझे हुए खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए अभिषेक चौरसिया ने शानदार जीत दर्ज की है और अब शहर की सरकार की कमान उनके हाथों में आ गई है। शुक्रवार को इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में संपन्न हुई मतगणना में अभिषेक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अजय कुमार झा को 667 मतों के अंतर से पटखनी दी। मतगणना की शुरुआत से ही अभिषेक चौरसिया ने बढ़त बनाना शुरू कर दिया था, जो अंत तक बरकरार रही। अंतिम परिणामों के मुताबिक, अभिषेक को कुल 6,781 मत प्राप्त हुए, जबकि अजय कुमार झा 6,114 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, अमिता रक्षित 4,925 वोटों के साथ तीसरे पायदान पर रहीं। बता दें कि इस चुनाव में कुल 24,638 मतदान हुआ था, जिसमें से 23,084 मतों को वैध घोषित किया गया।
जीत की औपचारिक घोषणा के बाद मतगणना केंद्र से बाहर निकले अभिषेक चौरसिया भावुक दिखे। उन्होंने अपनी इस बड़ी जीत का पूरा श्रेय दुमका की जनता को देते हुए कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि आम जनता के अटूट विश्वास की जीत है। उन्होंने शहरवासियों को आश्वस्त किया कि वे जनता के इस आशीर्वाद का मान रखेंगे। जमीनी राजनीति में अभिषेक चौरसिया का लंबा अनुभव रहा है। साल 2008 से 2018 तक लगातार एक दशक तक वार्ड पार्षद के रूप में कार्य करने और उपाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के बाद अब वे अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचे हैं। पद संभालते ही उन्होंने भ्रष्टाचार के खात्मे और अपने 13 सूत्री एजेंडे को एक साल के भीतर धरातल पर उतारने का संकल्प लिया है। इस नए नेतृत्व के आने से शहरवासियों में दुमका के विकास और कायाकल्प को लेकर नई उम्मीदें जाग गई हैं।


