रविवार को भी दो महिलाओं को बनाया था अपना निशाना
दुमका । नगर थाना क्षेत्र में चेन छीने वाले उचक्कों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। जिन बाइक सवार दो युवकों ने रविवार को दो महिलाओं को अपना निशाना बनाया था, उन्हीं युवकों ने मंगलवार की सुबह अग्रसेन भवन से चंद कदम दूर करीब 65 साल की नारायणी देवी के गले से चेन छीन ली और आराम से फरार हो गए। वजनी चेन में हीरे का लाकेट लगा हुआ था। तीन दिन में दो असली और एक नकली चेन की छिनतई के बाद जेवर पहनकर निकलने वाली महिलाओं में दहशत है। महिला की शिकायत के बाद नगर थाना की टीम ने स्थल पर जाकर जांच की। सीसीटीवी खंगाला। इसमें रविवार को चेन छिनतई करने वालों का चेहरा सामने आया है। पुलिस दोनों की तलाश के लिए इधर उधर की दौड़ लगा रही है। अग्रसेन भवन के समीप सोल्टी नाश्ता की दुकान के सामने रहने वाली नारायणी देवी सुबह करीब दस बजे टाटा शोरूम स्थित दादी सती मंदिर में चल रहे मंगलपाठ में जाने के निकली। वह घर से कुछ दूर टोटो का इंतजार कर रही थी। तभी बाइक सवार दो युवक आए और गले से चेन छीनकर भाग गए। चेन वजनदार होने के कारण महिला का गला छिल गया। महिला के बेटे विनीत अग्रवाल ने बताया कि सीसीटीवी में जो दो युवकों का चेहरा सामने आया है, उन लोगों ने रविवार को दो महिलाओं को अपना निशाना बनाया था।
रंग खरीदने के बहाने कर रहे थे इंतजार
बाइक सवार दोनों युवक अग्रसेन भवन के समीप अपना अडडा जमा लिया है। रविवार को भी इसी जगह पर निर्मला देवी नामक महिला को निशाना बनाया था। नारायणी देवी जब घर से बाहर निकली तो दोनों युवक उन पर नजर बनाए हुए थे। महिला को टोटो का इंतजार करता देख एक युवक बाइक से नीचे उतरा और रंग बेचने वाले दुकानदार से रंग का दाम पूछा। करीब एक मिनट बात करने के बाद वापस अपने साथी के पास आया। इसके बाद वह भी बाइक पर बैठ गया और पीछे से झपटटा मारकर चेन लेकर चलता बना।
उचक्कों में पुलिस का डर नहीं
शहरी क्षेत्र में महिलाओं को अपना निशाना बना रहे बाइक सवार दो युवकों को पुलिस का डर नहीं है। लगातार तीन दिन के अंदर तीन वारदातों को अंजाम देने के बाद भी शहर में घूम रहे हैं। आम तौर पर अपराधी पहली वारदात के समय जो कपड़े पहनते हैं तो दूसरी वारदात करने से पहले बदल देते हैं। यहां पर जो युवक बाइक चला रहा था, उसने वहीं शर्ट पहनी हुई थी रविवार को पहनी थी। केवल उसके साथी ने टीशर्ट की जगह शर्ट बदली। इससे साफ होता है कि दोनों को पकड़े जाने का कोई डर नहीं है। नगर थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों की तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।