अहमदाबाद। अहमदाबाद में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार दोपहर लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान की भीषण दुर्घटना के बाद शहर के सिविल अस्पताल में 265 शव लाए गए हैं। पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने बताया, ‘हमें मिले संदेश के अनुसार 265 शव अस्पताल पहुंच चुके हैं।’ बता दें कि, बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान के उड़ान भरने के तुरंत बाद मेघाणीनगर क्षेत्र में बीजे मेडिकल कॉलेज और सिविल अस्पताल के आवासीय क्वार्टरों में दुर्घटनाग्रस्त होने के कुछ घंटों बाद तक मृतकों की आधिकारिक संख्या की जानकारी नहीं दी गई। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने शाम को पहले कहा कि जलते हुए ईंधन के कारण दुर्घटनाग्रस्त विमान के अंदर का तापमान इतना अधिक था कि किसी के बचने की कोई संभावना नहीं थी। अमित शाह ने कहा, ‘मृतकों की संख्या डीएनए जांच और पीड़ितों की पहचान के बाद अधिकारियों द्वारा आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी।’ उन्होंने कहा कि एक यात्री बच गया।


पीएम नरेंद्र मोदी आज कर सकते अहमदाबाद का दौरा
अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद देशभर में दुख का माहौल है। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अहमदाबाद का दौरा कर सकते है। संभावना इस बात की तेज है कि पीएम मोदी घटना स्थल का दौरा भी कर सकते है।

जांच में मदद के लिए भारत जाएगी टीम- अमेरिका
विमान हादसों की जांच करने वाली एक अमेरिकी सरकारी एजेंसी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने कहा कि वह अहमदाबाद में हुई दुखद विमान दुर्घटना की जांच में सहायता के लिए अमेरिकी जांचकर्ताओं की एक टीम को भारत भेजेगी। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) ने अपने एक पोस्ट में कहा कि वह विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की सहायता के लिए भारत जाने वाले अमेरिकी जांचकर्ताओं की टीम का नेतृत्व करेगा। कहा कि अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन के तहत अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के अनुसार, जांच की सभी जानकारी भारत सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी। एनटीएसबी नियमित रूप से हर साल लगभग 450 अंतरराष्ट्रीय दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाने में मदद करता है।









