चित्तरंजन। चित्तरंजन रेलनगरी में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 11 नंबर रोड स्थित रेलवे क्वार्टर संख्या 11/बी के भीतर से नरकंकाल बरामद हुआ। यह क्वार्टर वर्ष 2021 से लापता रेलकर्मी प्रकाश चंद्र राउत राय (59) का बताया जा रहा है। नरकंकाल प्रकाश चंद्र का ही है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल पुलिस ने नहीं की है। बताया गया कि प्रकाश चंद्र क्वार्टर में अकेले रहते थे। वर्ष 2021 में उनके अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की। कोई सुराग नहीं मिलने पर वर्ष 2023 में चित्तरंजन थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
सोमवार को उनके भतीजे सुप्रतिम राउत राय क्वार्टर में रखी बाइक हटाने पहुंचे थे। इसी दौरान कमरे के अंदर कुछ हड्डियां दिखाई दीं। नजदीक जाकर देखने पर नरकंकाल होने की आशंका हुई। बताया जा रहा है कि अवशेष उस हिस्से से मिले, जहां पहले पूजा की जाती थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चित्तरंजन थाना प्रभारी शेख इस्माइल अली, एसीपी कुल्टी जावेद हुसैन और सालानपुर बीडीओ देबांजन विश्वास मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए।
तीन साल से लापता व्यक्ति के उसी आवास से नरकंकाल मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर इतने लंबे समय तक किसी को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। गुमशुदगी के बाद क्वार्टर की तलाशी हुई थी या नहीं, यह भी जांच का विषय है। फिलहाल मौत की वजह और बरामद अवशेषों की पहचान रहस्य बनी हुई है। पुलिस जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।


