संताल एक्सप्रेस
हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर सुभाष चौक के समीप डाकबंगला परिसर में सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति की ओर से इस वर्ष भव्य दुर्गोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 11 अक्टूबर को कलश यात्रा के साथ पूजा उत्सव का शुभारंभ होगा। दुर्गापूजा को लेकर समिति की ओर से आकर्षक पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी लंबाई-चौड़ाई करीब साढ़े दस हजार वर्गफुट है।समिति के अध्यक्ष दीपक साहा ने बताया कि इस वर्ष पंडाल को भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। पंडाल के मुख्य द्वार की ऊंचाई करीब 45 फीट होगी। पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित कल्याणी से आए शिल्पकार परितोष पाल के नेतृत्व में मां दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं, पंडाल निर्माण में बंगाल के मुस्लिम कारीगर जुटे हुए हैं। समिति ने कहा कि पूजा के आयोजन में विभिन्न समुदायों की सहभागिता सामाजिक सौहार्द और समरसता का संदेश देगी।अध्यक्ष ने बताया कि दुर्गोत्सव के दौरान लगातार 14 दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों के लिए ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के साथ मैजिक शो का आयोजन होगा, जिसमें झारखंड के प्रसिद्ध जादूगर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। महिलाओं और युवतियों के लिए लगातार तीन दिनों तक डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर को भव्य भक्ति जागरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें भोजपुरी जगत की चर्चित गायिका निशा उपाध्याय और गायक विनय तिवारी के शामिल होने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम को लेकर समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
अध्यक्ष श्री साहा ने कहा कि सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति ने सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। समिति का मुख्य उद्देश्य दुर्गोत्सव के माध्यम से सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है। उन्होंने पूजा को सफल बनाने में जुटे सभी समिति सदस्यों तथा विशेष रूप से दानदाताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सदस्यों की मेहनत और सहयोग से इस वर्ष इतने बड़े स्तर पर दुर्गोत्सव का आयोजन संभव हो पा रहा है।


