नई दिल्ली । ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक कुल 1,117 भारतीयों को निकाला गया है। मशहद से एक और विमान शनिवार देर रात 290 नागरिकों को लेकर नई दिल्ली पहुंचा। इससे पहले शाम 4.30 बजे 310 नागरिकों को जत्था दिल्ली आया था।
बता दें वहीं 20 जून को रात 2 बैच में 407 भारतीय लौटे थे। रात 10:30 बजे की फ्लाइट में 190 कश्मीरी छात्रों समेत 290 लोगों की भारत वापसी हुई थी। इनमें दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के नागरिक थे। देर रात 3 बजे की फ्लाइट में 117 लोग आए थे। वहीं 19 जून को 110 छात्र आर्मेनिया और दोहा के रास्ते भारत पहुंचे थे। ईरान से लौटे यात्री मोहम्मद अशफाक ने कहा अपने देश लौटकर अच्छा लग रहा है। वहां भारतीय दूतावास ने हमारी काफी मदद की, मैं उनका शुक्रगुजार हूं। वहीं उस्ताक जो कश्मीर से हैं उन्होंने कहा कि ईरान में हालात ठीक नहीं हैं। हम भारत सरकार, कश्मीर प्रशासन और दूतावास के बहुत शुक्रगुजार हैं। यहां लौटे सभी नागरिकों ने भारत माता की जय के नारे लगाए और देश की सरजमीं पर सजदा किया।
सैयद निहाल हैदर ने कहा भारत वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। जब हम वहां थे, तो लगा जैसे फंस गए हैं, लेकिन भारत सरकार ने हमारे लिए अच्छे इंतजाम किए। वहीं फातिमा ने कहा कि मैं पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करती हूं। अब अपने देश वापस आकर मुझे सुकून महसूस हो रहा है। एलिया बतूल ने बताया कि उन्हें लेकर उनका परिवार बहुत परेशान था। यहां आकर हमें सुकून मिला। भारत सरकार का बहुत-बहुत शुक्रिया। हमें वहां कोई भी समस्या नहीं हुई, क्योंकि हमारे दूतावास ने हमारा साथ दिया।
सैयद मंसूर हुसैन ने बताया कि सभी ने भारत मां की सरजमीं पर आकर सजदा किया। और भारत सरकार को धन्यवाद दिया। हम अपने देश भारत से बहुत प्यार करते हैं। यहां वापस आकर बहुत सुकून महसूस कर रहे हैं।






