पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर एक बुजुर्ग पर तीर-धनुष से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को सूचना मिली थी कि झींकपानी थाना क्षेत्र के टंकी बांदा के पास चुइया बिरुली (60), पिता स्वर्गीय मूंगा बिरुली, निवासी बेतिया, थाना झींकपानी को भगवान बिरुली उर्फ दोपे (39), पिता स्वर्गीय लागो बिरुली, निवासी चिड़िया पहाड़ी ने पुराने रंजिश के कारण तीर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
स्थिति में सुधार होने पर पीड़ित का फर्दबयान दर्ज किया गया, जिसके आधार पर झींकपानी थाना (कांड संख्या 17/26) दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजकुमार जेयराजू, प्रशिक्षु आईपीएस सह थाना प्रभारी झींकपानी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान आरोपित भगवान बिरुली उर्फ दोपे को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पुराने विवाद के कारण उसने हत्या की नीयत से तीर-धनुष से हमला किया था। आरोपित के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तीर-धनुष बरामद कर जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपित को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
छापेमारी दल में राजीव रंजन मिश्रा, दीपक कुमार मोहंती सहित झींकपानी थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


