गोपीकांदर । थाना क्षेत्र के डुमरतल्ला गांव में शुक्रवार की शाम करीब सात बजे एक सोलह वर्षीय किशोर ने अज्ञात कारणों से कीटनाशक दवा खा ली। जहर का असर होने से किशोर की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसके मामा ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीकांदर में भर्ती कराया। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ रविशंकर प्रसाद ने किशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उसे बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए तुरंत फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल दुमका रेफर कर दिया गया।
पीड़ित किशोर की पहचान सोलह वर्षीय जोन मुर्मू के रूप में हुई है, जो विनय मुर्मू का पुत्र है। वह मूल रूप से असम राज्य का रहने वाला है। वह पिछले दो वर्षों से डुमरतल्ला स्थित अपने मामा शिवलोक मरांडी के घर पर रह रहा था। जोन वहां रहकर न सिर्फ खुद पढ़ाई करता था, बल्कि अपने मामा के प्राइवेट स्कूल में छोटे बच्चों को भी पढ़ाता था।
किशोर के मामा शिवलोक मरांडी ने बताया कि वह उनकी बहन का बेटा है। उसने यह आत्मघाती कदम क्यों और किस वजह से उठाया, इस बात का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद किशोर कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं था और उसके मुंह से लगातार झाग निकल रहा था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, किशोर की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है और उसे विशेष चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


