चेहरा और सिर कुचलकर की गई वारदात, इलाके में फैली दहशत
देवघर। नगर थाना क्षेत्र में कुंडा थाना के पास चाय दुकान चलाने वाली 60 वर्षीय माला देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह महिला का शव उसकी दुकान के अंदर बरामद किया गया। अपराधियों ने सिर सहित चेहरा कुचलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के दुकानदारों व राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल समेत अन्य सामान जब्त किया है। सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, फॉरेंसिक टीम, नगर थाना और कुंडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतका माला देवी मूल रूप से सारवां थाना क्षेत्र के लखोरिया भालूवाही गांव की रहने वाली थी। वर्तमान में वह रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा में घर बनाकर रहती थी। करीब दो महीने से वह कुंडा थाना के पास चाय की दुकान चला रही थी और रात में दुकान में ही सोती थी।
सुबह बेटी को मिली सूचना, मचा कोहराम
मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने मृतका की बेटी को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और रोने-बिलखने लगे। बाद में पुलिस को मामले की सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने देखा कि दुकान की दीवारों पर भी खून के छींटे पड़े हुए थे। पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या काफी नृशंस तरीके से की गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इधर घटना के बाद मृतका के पति शिव यादव के फरार होने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आसपास के व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
मुख्य पथ पर लगी भीड़, यातायात पुलिस तैनात
घटनास्थल देवघर-सारठ मुख्य पथ पर होने के कारण वहां काफी भीड़ जुट गई थी। जाम की स्थिति नहीं बने, इसके लिए यातायात थाना की पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।


