सीएम ने असम विधानसभा चुनाव में भरी हुंकार
असम/रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने असम विधानसभा चुनाव में पूरा जोर लगा रहे है। जेएमएम के प्रत्याशियों के लिए लगातार जनसंपर्क पर जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने चुनावी जनसभा के दौरान चाय बागान श्रमिकों के अधिकार और पहचान के मुद्दे को जोरदार ढंग से उठाया। असम के तिनसुकिया ज़िला के डिगबोई स्थित बोगापानी टी स्टेट में आयोजित सभा में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चाय बागान का समाज अब जाग चुका है और अपने हक के लिए आवाज बुलंद कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनके असम पहुंचते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
उनकी हलचल से यह प्रतीत हो रहा है कि सत्ता में बैठे लोग अब बेचैन हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों तक चाय बागान श्रमिकों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया, लेकिन अब जब वे अपने अधिकार, सम्मान और अनुसूचित जनजाति का दर्जा मांग रहे हैं, तो सभी राजनीतिक दलों को जमीन पर उतरना पड़ रहा है। असम की जनता अब सवाल कर रही है कि हमारा हक कब मिलेगा, हमारी पहचान कब तय होगी? इस अवसर पर मार्गेरिटा विधानसभा क्षेत्र के मार्गेरिटा टी इस्टेट खेल मैदान में आयोजित सभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रत्याशी जर्नेल मिंज के समर्थन में उन्होंने मतदान की अपील की। सभा में चाय बागान श्रमिकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी देखने को मिली, जिसे मुख्यमंत्री ने बदलाव का संकेत बताते हुए कहा कि अब यह समाज अपने अधिकारों के लिए संगठित हो चुका है।
————————————————————————————————————————-
चबुआ में कल्पना सोरेन का जनसंपर्क, जेएमएम प्रत्याशी के लिए मांगा समर्थन
असम/रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने असम के चबुआ विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए पार्टी प्रत्याशी भूबेन मुरारी के पक्ष में लोगों से समर्थन की अपील की। इस दौरान उन्होंने चाय बागानों में कार्यरत श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जीवन परिस्थितियों को करीब से समझा।
उन्होंने कहा कि मेहनतकश लोगों का संघर्ष ही समाज की असली पहचान है और उनके अधिकारों की रक्षा करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। कल्पना सोरेन ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके सम्मान, अधिकार और बेहतर भविष्य के लिए वे हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने कहा कि यह समय बदलाव का है और जनता को अपने अधिकारों के लिए सही सरकार चुननी चाहिए।


