◆झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 के तहत तीन साल होगा सिंडिकेट का कार्यकाल
◆एसपी महिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार गुप्ता और सहिबगंज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह सहित कई प्राचार्य भी बने सिंडिकेट के सदस्य
विशेष संवाददाता
दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय (SKMU) में झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 के प्रावधानों के तहत सिंडिकेट का गठन कर दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना संख्या 133/26 में विभिन्न पदाधिकारियों, डीन, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों तथा कॉलेजों के प्राचार्यों को सिंडिकेट के सदस्य के रूप में नामित किया गया है। इनका कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तिथि से तीन वर्ष का होगा।
अधिसूचना के अनुसार कुलपति सिंडिकेट के अध्यक्ष और प्रतिकुलपति उपाध्यक्ष होंगे। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के संयुक्त सचिव स्तर से नीचे के अधिकारी के प्रतिनिधि एवं वित्तीय सलाहकार को भी सिंडिकेट में शामिल किया गया है। इसके अलावा प्रॉक्टर, डीन एकेडमिक अफेयर्स, निदेशक छात्र मामले, परीक्षा नियंत्रक और वित्त पदाधिकारी भी इसके सदस्य होंगे।
विश्वविद्यालय के निदेशकों में से एक-तिहाई का नामांकन रोटेशन के आधार पर किया जाएगा। इसके तहत निदेशक समावेशी शिक्षा, निदेशक खेल एवं शारीरिक शिक्षा, निदेशक कांस्टीट्यूएंट कॉलेज, निदेशक मानव संसाधन प्रबंधन और निदेशक जनसंपर्क एवं सामुदायिक आउटरीच को शामिल किया गया है।
इसी तरह कुलपति द्वारा रोटेशन के आधार पर फैकल्टी ऑफ सोशल साइंस और फैकल्टी ऑफ साइंस के दो डीन तथा विश्वविद्यालय के तीन से छह विभागाध्यक्षों को नामित किया जाएगा। अधिसूचना में संताली, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, वनस्पति विज्ञान, गणित और दर्शनशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्षों का उल्लेख किया गया है।
सिंडिकेट में विभागाध्यक्षों के अलावा चार विश्वविद्यालय शिक्षकों को भी रोटेशन के आधार पर नामित किया गया है। इनमें डॉ. शर्मिला सोरेन (संताली), डॉ. निर्मला त्रिपाठी (जूलॉजी), डॉ. स्नेहलता मुर्मू (इतिहास) और डॉ. अच्युत चेतन (अंग्रेजी) शामिल हैं।
इसके अलावा चांसलर द्वारा नामित एक प्रख्यात शिक्षाविद तथा राज्य सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के माध्यम से नामित विभिन्न क्षेत्रों के 10 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी सिंडिकेट में शामिल किया जाना है।
सिंडिकेट में विश्वविद्यालय के चार अंगीभूत कॉलेजों के प्राचार्यों को भी रोटेशन के आधार पर नामित किया गया है। इनमें एसपी महिला कॉलेज दुमका के प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार गुप्ता के साथ ही आरडी बाजला महिला कॉलेज देवघर, मॉडल कॉलेज दुमका और साहिबगंज कॉलेज साहिबगंज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह शामिल हैं।
वहीं संबद्ध कॉलेजों से एएन कॉलेज दुमका, डिग्री कॉलेज नाला, गोड्डा महिला कॉलेज और बीएलएनएल कॉलेज राजमहल के प्राचार्यों को सिंडिकेट में स्थान दिया गया है।रजिस्ट्रार सिंडिकेट के सदस्य सचिव होंगे।


