दुमका। राज्य स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 में संथाल परगना (दुमका) के अंडर-17 बालकों ने इतिहास रच दिया है। खिताबी मुकाबले में दुमका की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का मुजाहिरा करते हुए कोल्हान की टीम को 6-1 के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी। इस एकतरफा और शानदार जीत के साथ ही संथाल परगना की टीम न सिर्फ राज्य चैंपियन बन गई है, बल्कि उसने राष्ट्रीय स्तर की सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए भी अपना टिकट पक्का कर लिया है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान संताल परगना टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले संत जोसेफ उच्च विद्यालय, गुहियाजोड़ी के होनहार खिलाडिय़ों ने मैदान पर अपने खेल, अनुशासन और खेल भावना से हर किसी का दिल जीत लिया।
इस ऐतिहासिक और गौरवशाली उपलब्धि से दुमका सहित पूरे संथाल परगना प्रमंडल के खेल प्रेमियों में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई है। खिलाडिय़ों की इस शानदार सफलता पर जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीत कुमार और जिला शिक्षा अधीक्षक लक्ष्मण यादव ने पूरी टीम, प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार को ढेरों बधाइयां दी हैं। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि यह होनहार टीम नेशनल लेवल पर भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी और पूरे देश में झारखंड का परचम लहराएगी। इसके साथ ही झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (दुमका) के अतिरिक्त कार्यक्रम पदाधिकारी देवेश कुमार सिन्हा, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी विभाष चंद्र महतो, क्षेत्र प्रबंधक सूरज कुमार पांडेय और संत जोसेफ स्कूल के प्रधानाचार्य व शारीरिक शिक्षक असीम हेम्ब्रम ने भी खिलाडिय़ों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत बच्चों की कड़ी मेहनत, समर्पण और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का ही सुखद परिणाम है। जिले के तमाम शिक्षकों और खेल प्रेमियों ने भी चैंपियन टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्णिम सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएँ दी हैं।


