◆कॉलेजों में घटाई गई सीटों को बहाल करने और अनियमितताओं के जिम्मेदार विवि अधिकारियों को हटाने सहित 11 सूत्री मांग
विशेष संवाददाता
दुमका। विभिन्न मांगों को लेकर छात्र समन्वय समिति के छात्रों ने सोमवार को सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू) में तालाबंदी कर मुख्य गेट पर धरना दिया। छात्र नेता श्यामदेव हेम्ब्रम और राजीव बास्की के नेतृत्व में छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों ने कुलपति को 11 सूत्री मांग पत्र सौंपकर मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। समिति ने संताल परगना के कॉलेजों में घटाई गई सीटों को तत्काल बहाल करने तथा कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। डॉ. राजीव कुमार, डॉ. संजय कुमार सिन्हा और डॉ. विजय कुमार के लंबे समय से विभिन्न पदों पर बने रहने पर भी छात्रों ने सवाल उठाए और उन्हें पदमुक्त करने की मांग की। डॉ. राजीव कुमार की नियुक्ति की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की गई।
छात्रों ने बीएड की मान्यता समाप्त होने के मामले में जिम्मेदारी तय करने तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। परीक्षा व्यवस्था को लेकर NCCF को बार-बार विस्तार दिए जाने का विरोध करते हुए परीक्षा परिणाम में देरी और कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की गई। छात्रों ने परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराने की भी मांग रखी।इसके अलावा कॉलेजों को पर्याप्त फंड, जर्जर भवनों की मरम्मत, पेयजल, स्वच्छ शौचालय और मुफ्त वाई-फाई की सुविधा देने, डीएसडब्ल्यू को हटाने, तीसरी मेरिट लिस्ट जारी करने तथा पांच वर्षों से एक ही पद पर जमे प्राचार्यों के स्थानांतरण की मांग की गई।
छात्रों ने विश्वविद्यालय की एफडी तोड़े जाने की स्थिति में उसका पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने और प्रमुख पदों पर कथित जातीय पक्षपात समाप्त कर सभी समुदायों को समान अवसर देने की मांग की।


