◆छात्र समन्वय समिति ने सांसद नलिन सोरेन को सौंपा ज्ञापन, वित्तीय अनियमितता का लगाया आरोप
◆अतिरिक्त शुल्क वसूल कर पैसे को शिक्षकों के नाम से खोले गए निजी संयुक्त खाता में जमा करने का गंभीर आरोप
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका । एएन कॉलेज में छात्रों से नियमानुसार तय राशि से अधिक फीस वसूलने का एक गंभीर मामला सामने आया है। छात्र समन्वय समिति ने कॉलेज प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए शनिवार को दुमका के सांसद और शासी निकाय के अध्यक्ष नलिन सोरेन को एक ज्ञापन सौंपा है। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन न केवल अतिरिक्त शुल्क वसूल रहा है, बल्कि इस पैसे को शिक्षकों के नाम से खोले गए संयुक्त निजी बैंक खात में जमा कराया जा रहा है।
समिति ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि सरकारी नियमों के बावजूद कॉलेज में नामांकन के समय अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों को फीस में मिलने वाली अनिवार्य छूट नहीं दी जा रही है। छात्रों ने अन्य कॉलेजों की फीस का हवाला देते हुए बताया कि जहां क्षेत्र के अन्य कॉलेजों में नामांकन और प्रथम सेमेस्टर की कुल फीस लगभग 1000 रुपये है, वहीं एएन कॉलेज में विद्यार्थियों से जबरन 3200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
छात्र समन्वय समिति ने सांसद सह शासी निकाय अध्यक्ष नलिन सोरेन से कॉलेज की संपूर्ण शुल्क संरचना की जांच कराने, एससी, एसटी एवं ओबीसी विद्यार्थियों को नियमानुसार शुल्क छूट लागू कराने, अतिरिक्त ₹50 की वसूली तत्काल बंद कराने, निजी बैंक खाते में राशि जमा कराने के आदेश की जांच, संबंधित खाते का वित्तीय ऑडिट कराने, छात्रों से अवैध रूप से वसूली गई राशि वापस कराने तथा जांच में वित्तीय अनियमितता सिद्ध होने पर प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सिंह एवं संबंधित दोनों शिक्षकों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।


