पूर्वी सिंहभूम । साकची थाना क्षेत्र स्थित लाइफ लाइन अस्पताल के पास एक गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला, जब ड्यूटी पर मौजूद महिला होमगार्ड ने कमरे का दरवाजा खोला। छात्रा को तत्काल फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ निवासी नीलमणि गोराई के रूप में हुई है। बताया गया कि वह करीब दो महीने पहले कंप्यूटर कोचिंग करने के उद्देश्य से जमशेदपुर आई थी और इसी हॉस्टल में रह रही थी।
महिला होमगार्ड के अनुसार, सुबह कमरे की जांच के दौरान छात्रा का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल साकची थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। घटना की जानकारी मिलते ही नीलमणि के परिजन जमशेदपुर पहुंचे। बेटी की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राएं भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और खुदकुशी के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


