देवघर । राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने घोरमारा क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित टीमों ने विभिन्न पेड़ा दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया।अभियान के दौरान माँ दुर्गा पेड़ा भंडार, संदीप पेड़ा शॉप, पीहू पेड़ा भंडार और आशीष फास्ट फूड का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण और भंडारण व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा लाइसेंस से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल की गई। सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने और केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की बिक्री करने का निर्देश दिया गया। इसी क्रम में ओमजी पेड़ा भंडार से एक दिन पहले जब्त किए गए 1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा को जेसीबी मशीन की सहायता से नियमानुसार पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में की गई, ताकि जब्त खाद्य सामग्री दोबारा किसी भी स्थिति में बाजार में बिक्री या उपभोग के लिए उपयोग न हो सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेला की पूरी अवधि में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावटी, अवमानक या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल पाए जाने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से वैध लाइसेंस या पंजीकरण के साथ ही कारोबार करने, स्वच्छता के सभी मानकों का पालन करने और केवल सुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय करने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं और आम लोगों से भी अनुरोध किया गया है कि किसी भी संदिग्ध, मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थ की जानकारी तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।


