

■ क्षेत्रीय निदेशालय पटना के तत्वावधान में बिहार और झारखंड के लिए दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन
■ सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की एनएसएस निदेशक डॉ. पूनम बिंझा के नेतृत्व में शामिल हुआ प्रतिनिधिमंडल
■ देवघर, गोड्डा, साहेबगंज सहित विभिन्न जिलों के कार्यक्रम और नोडल पदाधिकारियों ने की शिरकत
दुमका। राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशालय, पटना बिहार एवं झारखण्ड की ओर से 21 और 22 सितम्बर 2026 तक पटना के ए.एन. कॉलेज सभागार में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की मजबूत भागीदारी देखने को मिल रही है, जहां विश्वविद्यालय की एनएसएस निदेशक डॉ. पूनम बिंझा के नेतृत्व में विभिन्न महाविद्यालयों के कुल 11 कार्यक्रम पदाधिकारी और जिला नोडल पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में एसकेएमयू का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख पदाधिकारियों में रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय देवघर की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. करुणा पंजीयारा, एम.जी. कॉलेज रानीश्वर की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अवर्णा रॉय, कार्यक्रम पदाधिकारी सह जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. रूपम कुमारी, साहेबगंज कॉलेज के कार्यक्रम पदाधिकारी सह जिला नोडल पदाधिकारी कुमार प्रशांत भारती और गोड्डा कॉलेज गोड्डा के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बासुकीनाथ झा शामिल हैं।
इनके अलावा डॉ. रीवा वाणी तिर्की, जे.जे.एस. डिग्री कॉलेज मिहिजाम के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रणजीत यादव, डिग्री कॉलेज नाला फतेहपुर के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. स्वप्न किस्कू और मॉडल कॉलेज सुग्गाबथान के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार भी इस दो दिवसीय सम्मेलन में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। इस आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत छात्र-छात्राओं के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करना और भविष्य की सामाजिक रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा करना है।


