संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहड़वा/कोटालपोखर- बरहड़वा–पाकुड़ मुख्य मार्ग पर कोटालपोखर थाना क्षेत्र के ढाटापाड़ा मोड़ के समीप शनिवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो और ऑटो रिक्शा के बीच हुई भीषण टक्कर में पांच लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बरहड़वा की ओर से तेज गति से आ रही बोलेरो वाहन संख्या जेएच 04ए 7677 ने सड़क किनारे खड़ी सवारी से भरी ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क से नीचे पुलिया के गड्ढे में जा पलटी. दुर्घटना में ऑटो पर सवार कुल पांच लोग घायल हो गए.घायलों में बरहड़वा थाना क्षेत्र के महादेवपुर निवासी 19 वर्षीय मंडल हेम्ब्रम को सबसे गंभीर चोटें आई हैं.
वहीं बोलेरो में सवार कुछ लोगों को भी मामूली चोटें लगी हैं.घटना की सूचना मिलते ही ढाटापाड़ा, दुखियाटोला एवं आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर कोटालपोखर थाना के एएसआई मनोज मुर्मू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ भेजा.जहां घायलों इलाज जारी है. चिकित्सकों ने मंडल हेम्ब्रम की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को पुलिस ने जब्त कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.


