संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज/उधवा- साहिबगंज पुलिस को नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. राधानगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर 7.88 ग्राम एमडीएमए ड्रग के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. अपने कार्यालय कक्ष में राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से उधवा ओवर ब्रिज के पास छापेमारी की. इस दौरान एक युवक को प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया.गिरफ्तार आरोपी की पहचान पहाड़गांव निवासी 23 वर्षीय फिरोज शेख के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के पास से 7.88 ग्राम अवैध एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया है. राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 6 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक को उधवा ओवर ब्रिज के पास अवैध रूप से मनोजेत्तेजक पदार्थ की खरीद-बिक्री होने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना की सत्यता जांचने और त्वरित कार्रवाई के लिए तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. उधवा बीडीओ सह सीओ की मौजूदगी में राधानगर थाना पुलिस ने जैसे ही मौके पर दबिश दी. पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा. मुस्तैद पुलिस बलों ने घेराबंदी कर उसे खदेड़कर पकड़ लिया. जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुआ. इस मामले को लेकर राधानगर थाना में कांड संख्या 198/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/27 के तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. पुलिस ने नशीले पदार्थों को जब्त करने के साथ ही आरोपी फिरोज शेख को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और रविवार को उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है.छापेमारी टीम में उधवा के अंचलाधिकारी जयंत कुमार तिवारी, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, पुलिस अधिकारी पंकज कुमार दुबे, सुनील कुमार मेहता, हवलदार प्रहलाद मेहरा, आरक्षी दुलारचंद यादव सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


