देवघर। जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के कुसुमडीह स्थित पांडेय दुकान के पास मोहर्रम के अवसर पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ताजिया हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से उसे उठा रहे छह लोगों को तेज करंट का झटका लगा। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल रजाउल अंसारी को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे वार्ड में भर्ती कर लिया।
उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। रजाउल अंसारी ने बताया कि गांव से ताजिया लेकर सभी लोग मेला स्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुसुमडीह स्थित पांडेय दुकान के पास ताजिया हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। इससे ताजिया उठा रहे छह लोगों को तेज करंट लगा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों की मदद की। हादसे के बाद कुछ देर तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। वहीं, अस्पताल में घायल का इलाज जारी है।


