देवघर। जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले के कुछ युवक फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर आम नागरिकों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों से झांसा देकर ऑनलाइन ठगी की जा रही थी। सूचना के आधार पर साइबर थाना और पथरड्डा ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े कई सबूत मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और एक प्रतिबिंब सिम जब्त किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी गूगल पे, फोनपे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का लालच देते थे। इसके बाद फोनपे गिफ्ट कार्ड बनवाकर उसे रिडीम कर रकम उड़ाते थे। वहीं कुछ आरोपी एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स एप के जरिए कार्ड बंद होने की बात कहकर उपभोक्ताओं को झांसे में लेते थे और कार्ड दोबारा चालू कराने के नाम पर ठगी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों में 33 वर्षीय बिशु दास, 26 वर्षीय मिथुन दास, 26 वर्षीय चंदन दास, 23 वर्षीय कैलाश दास, 22 वर्षीय कुन्दन कुमार दास और 26 वर्षीय अजीत कुमार दास शामिल हैं। सभी आरोपी देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार बिशु दास, मिथुन दास और चंदन दास पहले से भी साइबर थाना के अलग-अलग मामलों में आरोपी रह चुके हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की तलाश में जुटी है।


