दुमका: दुमका रेलवे स्टेशन पर बने कोयला डंपिंग यार्ड को हटाने की मांग अब दिल्ली दरबार तक पहुंच गई है। पूर्व विधायक सीता सोरेन ने इस गंभीर जनसमस्या को लेकर नई दिल्ली में केंद्रीय कोयला मंत्री किशन रेड्डी से मुलाकात की। उन्होंने मंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर इस रैक पॉइंट को रिहायशी इलाके से तुरंत दूर स्थानांतरित करने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान सीता सोरेन ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि शहरी और आवासीय क्षेत्र में कोयला डंपिंग यार्ड होने की वजह से 24 घंटे भारी मात्रा में कोयले की धूल उड़ती रहती है। इससे रसिकपुर, दुमका शहर और आसपास के इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों का जीना दूभर हो गया है। हवा में तैरते कोयले के खतरनाक कणों के कारण स्थानीय नागरिकों और खासकर मासूम बच्चों में सांस तथा फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर इसका बेहद बुरा असर पड़ रहा है।
पूर्व विधायक ने जनहित का हवाला देते हुए मंत्री से मांग की कि इस कोयला रैक पॉइंट और डंपिंग यार्ड को बिना किसी देरी के आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने इस संवेदनशील मामले को बेहद गंभीरता से सुना और इस विषय पर जल्द से जल्द उचित तथा सकारात्मक कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
मुलाकात के बाद सीता सोरेन ने कहा कि दुमका की जनता के स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा उनके लिए सबसे ऊपर है। लोगों की सेहत के साथ किसी भी कीमत पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि जब तक दुमका के लोगों को इस प्रदूषणकारी डंपिंग यार्ड से मुक्ति नहीं मिल जाती, तब तक वे इस लड़ाई को जारी रखेंगी और इस मुद्दे के पूर्ण समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


