चंडीगढ़ । पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मोहम्मद मुस्तफा और उनकी पत्नी, पंजाब सरकार की पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना के 35 वर्षीय बेटे की संदिग्ध हालात में मौत की जांच नई दिशा में मुड़ गई है। अब यह मामला सिर्फ एक बेटे की मौत नहीं, बल्कि परिवार के भीतर छिपे उन रिश्तों के सच को सामने लाने की कोशिश है, जिन पर अब तक परदे डले थे। घटना 16 अक्टूबर की है। पंचकूला के सेक्टर-4 में रहने वाले अधिवक्ता आक़िल अख्तर घर में मृत पाए गए। परिवार ने दरवाजा तोड़कर देखा तो आक़िल फर्श पर पड़े थे। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। शुरुआत में पुलिस ने इसे एक सामान्य आत्महत्या का मामला माना, लेकिन चार दिन बाद कहानी पूरी तरह बदल गई। इस मामले की जांच अब एसआईटी करेगी।
20 अक्टूबर को पंजाब के मालेरकोटला निवासी शमशुद्दीन नामक व्यक्ति की शिकायत पर पंचकूला पुलिस ने पूर्व डीजीपी मुस्तफा, उनकी पत्नी रजिया सुल्ताना, आकिल की पत्नी और बहन के खिलाफ हत्या और साजिश के आरोप में एफआईआर दर्ज की। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि आकिल की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई और उसने अपनी मौत से पहले एक वीडियो में अपने ही परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत के मुताबिक, आक़िल ने कहा था कि उसके परिवार के लोग उसे झूठे मामले में फंसाने या जान से मारने की साजिश रच रहे हैं। इस वीडियो में उसने अपने पिता मोहम्मद मुस्तफा और पत्नी के बीच अवैध संबंध होने का भी जिक्र किया था। इसके अलावा, उसने यह भी दावा किया था कि उसकी मां (रजिया सुल्ताना) और बहन निशात अख्तर सहित पूरा परिवार उसे जान से मारने की साजिश रच रहा है या उसे झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश कर रहा है।
पंचकूला डीसीपी सृष्टि गुप्ता के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की गई है और एसीपी स्तर की अधिकारी की अगुवाई में एसआईटी गठित की गई है। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा, हम जांच पूरी निष्पक्षता से कर रहे हैं। शुरुआती स्तर पर किसी तरह की गड़बड़ी नहीं मिली थी, लेकिन शिकायत और वीडियो सामने आने के बाद नई दिशाओं में जांच शुरू की गई है। किसी निर्दोष को सजा नहीं मिलेगी, और कोई दोषी बचेगा नहीं। परिवार का दावा है कि आकिल साइकोटिक डिसऑर्डर से जूझ रहा था। वह इलाज करवा रहा था और कई बार भ्रम की स्थिति में चला जाता था। लेकिन शिकायतकर्ता शमशुद्दीन का कहना है कि बीमारी का हवाला झूठा है। अगर वह मानसिक रूप से अस्थिर था तो फिर उसे अकेले घर में क्यों छोड़ा गया?


