जामताड़ा। झारखंड में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग की है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी की।
डॉ. अंसारी ने कहा कि एसआईआर के दौरान गरीब, आदिवासी, दलित, मुस्लिम और अन्य आम लोगों को दस्तावेज जुटाने तथा सत्यापन की प्रक्रिया में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि बड़ी संख्या में कागजी औपचारिकताओं के कारण लोग अपने काम-धंधे छोड़कर परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग्य मतदाताओं का नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए। मंत्री ने एसआईआर से संबंधित विभिन्न रिपोर्टों का हवाला देते हुए चुनाव आयोग के भीतर निर्णय प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए और पूरे मामले की पारदर्शी समीक्षा की मांग की। हालांकि, 23 सितंबर को निर्वाचन आयोग ने इन रिपोर्टों पर सफाई देते हुए कहा कि एसआईआर सहित आयोग के सभी अंतिम निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं। आयोग ने यह भी कहा कि आंतरिक विचार-विमर्श में अलग-अलग सुझाव या टिप्पणियां सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं। डॉ. अंसारी ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज किया जाएगा।


